प्रदेश में ताजा बर्फबारी से 3 नैशनल हाईवे समेत 194 सड़कें प्रभावित

शिमला/मनाली:  प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश में 8 जिलों शिमला, चम्बा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, सिरमौर, कांगड़ा, मंडी और किन्नौर में बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ताजा बर्फबारी से प्रदेश में 3 नैशनल हाईवे समेत 194 सड़कें प्रभावित हुई हैं। वहीं 187 बिजली ट्रांसफार्मर ठप्प पड़ गए हैं, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली प्रभावित है। राज्य आपदा प्रबंधन की रिपोर्ट के अनुसार बर्फबारी के कारण लाहौल-स्पीति में सबसे अधिक 177 सड़कें प्रभावित हुई हैं। वहीं चम्बा में 14 और कांगड़ा में 2 सड़कें प्रभावित हुई हैं। वहीं बर्फबारी के कारण लाहौल-स्पीति में 100 और चम्बा में 48 ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार जल्द से जल्द प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। 

जाखू में सीजन की पहली बर्फबारी
मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार ऊपरी शिमला में भारी बर्फबारी हुई, वहीं राजधानी शिमला की सबसे ऊंची चोटी जाखू में शुक्रवार को सीजन की पहली बर्फबारी देखने को मिली। हिमपात के चलते अटल टनल सैलानियों के लिए बंद रही। शुक्रवार को नेहरू कुंड सैलानियों का स्नो प्वाइंट बना। फोर व्हील ड्राइव वाहनों में पर्यटक सोलंगनाला जा पहुंचे। मनाली में बर्फ  के फाहे गिरते देख सैलानी होटलों से बाहर निकले और बर्फ के फाहों का आनंद लिया। मनाली से नेहरूकुंड तक 5 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम भी लगा लेकिन पुलिस जवानों की सतर्कता से ट्रैफिक जाम से दिक्कत कम हुई।

लाहौल के रशल गांव के निकट हुआ हिमस्खलन
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपमंडल लाहौल के रशल गांव के निकट नाले में हिमस्खलन हुआ है। इस घटना में किसी प्रकार के नुक्सान की सूचना नहीं है। उपमंडल उदयपुर में तिंदी के पास भूस्खलन हुआ है, जिससे एसएच-26 अवरुद्ध हो गया है। उधर परिवहन निगम डिपो रिकांगपिओ के अड्डा प्रभारी छेरिंग टाशी नेगी ने बताया कि शिमला और काजा की ओर वाहनों की आवाजाही फिलहाल जारी है। उपमंडल रामपुर में बर्फबारी से रामपुर डिपो की आधा दर्जन से अधिक बसें फंस गई हैं।

इंदौरा में 6 गांवों की पानी की आपूर्ति बाधित
कांगड़ा जिले के इंदौरा के उलेहड़ियां पेयजल योजना के बिजली के मीटर पर आसमानी बिजली गिरने से मीटर जल जाने से क्षेत्र के 6 गांवों की पानी की आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं जिले के पालमपुर एरिया में दोपहर बाद वर्षा व ओलावृष्टि से शुष्क ठंड से कुछ राहत मिली। सिरमौर के आराध्य देव शिरगुल महाराज की तपोस्थली चूड़धार में हल्का हिमपात हुआ है। मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से विख्यात खजियार में पर्यटकों ने बर्फ में जमकर अठखेलियां कीं।

अगले 5 दिन खराब रहेगा मौसम 
अगले 5 दिन मौसम खराब रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कुल्लू जिले के अधिक ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में भारी हिमपात का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि शिमला, चम्बा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिले के ऊंचे इलाकों में भी अगले 3 दिन बर्फबारी हो सकती है। 

सम्बंधित खबर